ज्ञानपुर। काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में स्नातक द्वितीय वर्ष के 250 छात्र-छात्राओं का भविष्य अंधकारमय होता दिख रहा है। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ विश्वविद्यालय से गलत रिजल्ट जारी हो गया है। जिसको लेकर उनकी चिंता बढ़ गई है। परेशान विद्यार्थियों ने कुलपति को पत्र लिखकर सुधार की मांग की। पूर्वांचल के जाने-माने महाविद्यालयों में शामिल काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में करीब नौ हजार से अधिक छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण करते हैं। परीक्षा की सुचिता के लिए भी जाना जाता है। स्नातक की कक्षाओं में प्रवेश के साथ ही विश्वविद्यालय ने पिछले दिनों अलग-अलग कक्षाओं का रिजल्ट भी जारी कर दिया। स्नातक प्रथम, तृतीय सहित अन्य कक्षाओं का रिजल्ट सही है, लेकिन स्नातक द्वितीय वर्ष का रिजल्ट गलत जारी हो गया है। छात्रा शिवानी सिंह, निशू भारती, नेहा दूबे, दीपिका यादव, अंशिका भटनागर, निधि मालवीय, हर्ष मिश्रा, विपिन पांडेय आदि ने कुलपति को पत्र लिखकर रिजल्ट में सुधार की मांग की। कहा कि परीक्षा परिणाम सही होने पर वह अगली कक्षाओं में प्रवेश कर पाएंगे। छात्रों ने अनुमान जताया कि स्नातक द्वितीय वर्ष में पंजीकृत 1700 से अधिक छात्र-छात्राओं में 250 से अधिक का रिजल्ट गलत है।