ज्ञानपुर कोतवाली में समाधान दिवस पर फरियाद सुनते प्रभारी निरीक्षक अरविंद पांडेय। संवाद
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। थानों में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में अधिकतर मामले लंबित रह गए। 90 फीसदी से अधिक शिकायतें नाली, बाउंड्री संग जमीन कब्जे की रही। मामला राजस्व से जुड़ा होने से तत्काल निस्तारण नहीं हो सका।
ज्ञानपुर कोतवाली में प्रभारी निरीक्षक अरविंद पांडेय की अध्यक्षता में चार प्रार्थना पत्र आए, दो का निस्तारण हो सका। कोतवाली परिसर में समाधान दिवस को लेकर गहमागहमी का माहौल रहा। राजस्व से जुड़ी शिकायतों को संबंधित लेखपाल को दिया गया। आधा दर्जन से अधिक मामलों का निस्तारण समझाकर किया गया। ज्ञानपुर की सुलेखा देवी ने कहा कि उनकी बाउंड्री तोड़कर कुछ लोग कब्जा कर रहे हैं। हल्का दरोगा से शिकायत की गई, लेकिन सुनवाई नहीं हो सकी। पुरानी बाजार के राजित ने कहा कि उनकी जमीन पर कुछ लोग कब्जा करना चाहते हैं। जिसकी शिकायत की गई है। चौरी थाने में तीन में एक का भी नहीं, सुरियावां में 21 प्रार्थना पत्रों में पांच का निस्तारण, ऊंज में तीन में सभी लंबित रह गए। औराई कोतवाली में उप जिलाधिकारी लालबाबू दुबे की अध्यक्षता में समाधान दिवस हुआ। यहां कुल 19 प्रार्थना पत्रों में 16 राजस्व और तीन पुलिस विभाग के रहे। एक भी मामले का निस्तारण नहीं हो सका। इस मौके पर पुलिस क्षेत्राधिकारी राम लखन मिश्रा, कोतवाल अजय सेठ आदि रहे। दुर्गागंज थाने में समाधान दिवस प्रभारी नायब तहसीलदार भदोही नितिन कुमार सिंह और थाना प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार राय ने आए हुए फरियादियों की फरियाद सुनी। यहां आए पांच प्रार्थना पत्र राजस्व विभाग से जुड़े रहे। उनका निस्तारण करने के लिए टीमों को भेजा गया। इस मौके पर कानूनगो अरविंद कुमार, लेखपाल फकीरचंद, मूलचंद, आशीष कुमार यादव, शेषमणि आदि रहे। भदोही कोतवाली में एसडीएम चंद्रशेखर और सीओ अजय चौहान की अध्यक्षता में समाधान दिवस में फरियादियों की सुनवाई की गई। कोतवाल गगनराज सिंह ने बताया कि कुल 12 फरियादी आए थे, जिसमे दो मामले निस्तारित हो गए। शेष मामलों को संबंधित उप निरीक्षक और हल्का लेखपाल को सौंपा गया।