ज्ञानपुर। जनपद के दर्जनों छोटी-बड़ी सड़कों पर हादसों का कारण बन रहीं खटारा और प्रदूषणयुक्त वाहन एवं चालान होने वाले वाहनों का लेखाजोखा यातायात प्रशासन के पास न होने से चालक बेखौफ हो चुके हैं। बीते माह हुए हादसों के बाद भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है। अस्थाई स्टैंड दुर्गागंज ति राहा, केएनपीजी कालेज, नगर पालिका गोपीगंज, बड़ा चौराहा राजमार्ग, पड़ाव, नेशनल तिराहा भदोही, रेलवे फाटक भदोही, औराई चौराहा आदि स्थानों से चलने वाले ऐसे वाहनों को दरकिनार कर पुलिस ई-चालान तक सीमित हो चुकी है।
गत चार माह तक नजर दौड़ाई जाए तो सड़क हादसों को रोकने के लिए पुलिस महकमा हजारों रुपये पानी की तरह बहाकर जागरूकता अभियान चलाया गया लेकिन प्रदूषण फैलाकर हादसों का कारण बन रहे खटारा वाहनों को गति सीमा से कहीं अधिक दौड़ाने में चालक पीछे नहीं रहते। विशेष पर्व और त्योहारों के दिन जंग खाने वाले वाहनों को भी पुलिस की मदद से ही सड़कों पर दौड़ा दिया जाता है जो तिराहों-चौराहों पर पास लेने, घुमाते ही असंतुलित होकर पलटने में देर नहीं करते। यही कारण रहा है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन भोर में लखनो तिराहा और कठारी बाजार के पास पलटने वाले वाहनों में सवार एक महिला की मौत हो गई तो दो दर्जन से अधिक अस्पताल में पहुंची थी। दुर्गागंज मार्ग, राजमार्ग,ज्ञानपुर से भदोही, ज्ञानपुर से लालानगर, सुभाषनगर तिराहा से दानूपुर-मतेथू, अइनछ, सुभाषनगर से रोही बाजार, जंगीगंज मोड़ से तटवर्ती क्षेत्र धनतुलसी तक, औराई चौराहा से मिर्जापुर, भदोही से औराई और गोपीगंज से औराई तक चल रहे खटारा वाहन परिवहन विभाग एवं पुलिस के लिए मुंह चिढ़ाने का ही काम करते हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग की बात ही निराली रहती है जहां पर कार्यरत थाना, कोतवाली, चौकी माहवारी वसूली कर वाहनों के संचालन में कसर नहीं रखी जाती। यहां सुबह से शाम तक चलने वाले उक्त वाहनों से हर पल हो रही घटनाएं पैदल यात्री, साइकिल, बाइक, लग्जरी वाहनों पर सवार लोगों के लिए घातक ही रहता है। अहम बात तो यह कि आखिरकार पुलिस प्रशासन के दिखावे वाले हाथ-पांव कहां तक कारगर है यह भी बताना उचित नहीं समझा जाता।
अभियान चलाकर होगी सख्ती: सीओ
ज्ञानपुर। क्षेत्राधिकारी यातायात भूषण वर्मा का कहना रहा कि मैनुअल चालान का लेखाजोखा तो रखा जाता रहा है, लेकिन अब ई-चालान का सीधे पोर्टल पर होने से आकलन कर पाना मुश्किल हो चुका है। वैसे डग्गामार, खटारा और प्रदूषण को बढ़ावा दे रहे वाहनों के खिलाफ विभिन्न मार्गों पर अभियान चलाकर सख्ती की जाएगी।