कलेक्ट्रेट सभागार में दैनिक अनुश्रवण एवं निगरानी समिति की बैठक में अधिकारियों को समझाते सांसद लाल पगड़ी पहने हुए।
दैनिक अनुश्रवण एवं निगरानी समिति की बैठक शनिवार को सांसद वीरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ जनता तक पहुचाएं। पहली बार लागू प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने के लिए अधिकारी प्रयास करें।
सांसद ने सार्वजनिक स्थलो और विद्यालयो में आवश्कतानुसार शौचालय निर्माण, राष्ट्रीय ग्रामीण आजिविका मिशन के लाभार्थियों को शत प्रतिशत लाभ देने को कहा। ग्रामीण अभियन्त्रण सेवा,प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की निर्माणधीन सड़कों को समयसीमा के अंदर पूरा कराने के लिए कहा। राजीव गॉधी ग्रामीण विद्युतीकरण योजना के तहत पात्र लाभार्थियो को लाभान्वित कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने मनरेगा, दीन दयाल, अन्त्योदय योजना, ग्रामीण कौशल योजना, राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम योजना, प्रधानमंत्री अर्बन आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल योजना की प्रगति देखी। इस मौके पर प्रभारी डीएम हरिलाल यादव, सीडीओ आरपी मिश्र, सीएमओ डॉ. डीके सोनकर, परियोजना निदेशक तेज प्रताप मिश्र समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।