भदोही जिले में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने खेत में टॉर्च दिखाने के बहाने से नाबालिग को बुलाया था। पीड़ित की हालत खराब होने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भदोही जिले के कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। धान के खेत में टॉर्च दिखाने के बहाने नाबालिग को बुलाकर युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। खून अधिक बहने से पीड़िता को ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन
परिजनों के मुताबिक पांच अक्तूबर की शाम पड़ोसी युवक धान की फसल की सिंचाई करने के लिए पाइप लगाने गया था। आरोप है कि वहां से उसने फोन किया कि अंधेरा हो गया है, इसलिए अपनी बेटी को टॉर्च लेकर भेज दो। पीड़िता की मां ने बताया कि एक घंटे बाद उसकी बेटी रोती हुई घर आई। उसके पैर के आसपास खून बह रहा था।
सीएचसी में ले जाने पर चिकित्सकों ने हालत चिंताजनक होने पर उसे वाराणसी रेफर कर दिया। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पाॅक्सो एक्ट, दुष्कर्म आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मंगलवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक अजीत श्रीवास्तव ने कहा कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़िता का ट्राॅमा सेंटर में उपचार चल रहा है।