नगर पंचायत कार्यालय में मंगलवार को 2016-17 के बजट की बैठक स्थगित होने के विरोध में सभासद लामबंद हो गए हैं। आरोप लगाया कि चेयरमैन ने साजिश के तहत बैठक को स्थगित करा दिया। सभासदों ने डीएम समेत उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
सभासदों ने आरोप लगाया है कि मंगलवार को हुई बैठक शुरू होने के बाद अध्यक्ष ने अपने परिवार से संबंधित व्यक्ति की आश्रित कोटे से नियुक्ति कराने के लिए नियम के विपरीत सभासदों पर दबाव बनाया। सभासदों ने इसका विरोध जताया तो बैठक को जान बूझकर स्थगित कर दिया गया। नगर पंचायत की बैठक में शासन से तय मानक को ताख पर रखा गया। सभासदों ने जिलाधिकारी, कमिशभननर को पत्र भेजकर मनमानी पर कार्रवाई की मांग की। चेतावनी दी कि अविलंब कार्रवाई नहीं की गई तो वह आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। पत्र भेजने वाले सभासदों में कनकलता रावत, संगीता सिंह, अकरम मल्ले, मैना देवी, राकेश यादव, वंशीधर गुप्ता आदि शामिल रहे। हालांकि नगर पंचायत चेयरमैन हीरालाल मौर्या ने इन आरोपों को निराधार बताया। कहा कि कमीशन के लिए सभासद बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं। सभी सभासदों के न आने के कारण बैठक को स्थगित किया गया था।