गोपीगंज। थानाक्षेत्र के डोमनपुर गांव मे घायल अवस्था मे मिले युवक राकेश दुबे की इलाज के दौरान मौत पहेली बन गई है। उसकी मां चंपा देवी ने साजिश के तहत इकलौते बेटे की हत्या का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री, पुलिस महानिरीक्षक और पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र भेजकर जांच कराने की मांग किया।
प्रयागराज के बरौत हंडिया निवासी चंपा देवी ने प्रार्थना पत्र में बताया कि उनका बेटा राकेश दो मई को जखांव गोपीगंज निवासी मोती पासी के साथ बाइक से चिल्ह मीरजापुर जाने के लिए निकला था। घर वापस न लौटने पर उसकी खोजबीन के दौरान पता लगा की चिल्ह से उसके वापस चले जाने पर दो लोग पूछने के लिए आए थे। राकेश घायल अवस्था में गोपीगंज के डोमनपुर में मिला था और उसकी बाइक काजी हाउस क्षेत्र मे लावारिस पाई गई। उसकी इलाज के दौरान वाराणसी मे मौत हो गई।
पुलिस मौत का कारण दुर्घटना बता रही है जबकि उसकी मां ने हत्या का आरोप लगा रही है l उसका कहना है कि इकलौता बेटा होने के कारण कई लोगों की निगाह उसकी कीमती जमीन पर थी। वे उसकी हत्या कर सकते हैं। उसने दो लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।