ज्ञानपुर। फर्जी दस्तावेज तैयार कर बैनामा कराकर जमीन हड़़पने की शिकायत करने शनिवार को तमाम महिला व पुरुष कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने जिलाधिकारी विशाल सिंह को पत्रक देकर न्याय की गुहार लगाई।
रामजी बिंद ने बताया कि उनकी जमीन ज्ञानपुर तहसील के किशुनदेवपुर गांव में है। उनके पिता छह भाई थे। उनके सभी भाइयों ने 1978 में एक जमीन का बैनामा कराया था। उनके एक भाई के लड़कों ने विपक्षी को जमीन बेची है। विपक्षी उस जमीन के साथ-साथ बगल की उनकी जमीन पर भी कब्जा करके निर्माण करा रहा है। इस पर आपत्ति जताने पर धमकी दी जा रही है। उन्होंने मामले की जांच कराने की मांग की। रामजी बिंद, पवन कुमार, उर्मिला देवी, श्याम देवी, जलेबा देवी, इशरावती, संजू देवी, प्रमिला देवी, रन्नो देवी, रेशमा देवी आदि साथ रहे। नायब तहसीलदार प्रकाश सिंह यादव ने बताया कि मौके पर जाकर जांच की गई। मामला कोर्ट में विचाराधीन भी है। निर्माण को रोकवा दिया गया है।