ज्ञानपुर। क्षेत्र के चककिसुनदास निवासी संत लाल राय के पुत्र राजू राय का चयन पीएमआरएफ (प्रधानमंत्री रिसर्च फेलोशिप) के लिए हुआ है। राजू राय बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय के भूगर्भ विज्ञान विभाग में शोध छात्र हैं। वह जल भू विज्ञान के क्षेत्र में शोध कार्य के लिए चुने गए है। फेलोशिप के तहत उन्हें दो साल तक 70 हजार और उसके बाद तीन साल तक 80 हजार रुपये मिलेंगे। इसके अलावा हर साल दो लाख रुपये आकस्मिकता के रूप में प्राप्त होंगे। राजू राय ने बताया कि प्रधानमंत्री रिसर्च फेलोशिप शोध के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे मेधावी छात्रों को दिया जाता हैं। वर्तमान मे वह भूजल की गुणवत्ता के क्षेत्र में ख्याति प्राप्त प्रख्यात वैज्ञानिक डॉ. शिव प्रकाश राय के निर्देशन में शोध कार्य कर रहे हैं। राजू राय सिंगरौली स्थित कोयला खनन के प्रभाव के कारण वहां के भूजल संसाधनों की मात्रा और गुणवत्ता पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों पर शोध कर रहे है। को पीएमआरएफ फेलोशिप मिलने पर पिता संत लाल राय और माता मीरा राय सहित अन्य परिजनों ने खुशी जताई है। राजू ने बताया कि यह फेलोशिप उनके कैरियर को नई दिशा देगी।