नगर के जमुंद मोहल्ले की मस्जिद में जुमे की नमाज अदा करते लोग
- फोटो : BHADOHI
भदोही। मुकद्दस रमजान माह के तीसरे जुमे पर मस्जिदों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ी। रोजेदारों ने रोजा रख कर जुमे की नमाज अदा की और रात में तरावीह की नमाज अदा की। जुमे की नमाज के दौरान मुल्क व कौम की तरक्की के लिए भी दुआएं की गई। 3 अप्रैल से मुकद्दस रमजान महीने की शुरुआत हुई थी। दिन इतनी तेजी से बीते कि देखते देखते तीसरा जुमा भी बीत गया। इतना ही नहीं इसी के साथ 20 रोजे भी पूरे हो गए और रमजान के तीन अशरों में से दो अशरे भी पूरे हो गए। शनिवार से तीसरा अशरा भी शुरू हो जाएगा। इसी प्रकार ईद नजदीक आने से गांव से लेकर शहर तक बाजारों की रौनक बढ़ती जा रही है। शहर के तकिया कल्लन शाह जामा मस्जिद के अलावा शहर के सभी मस्जिदें खचाखच भरी रहीं। इस दौरान तकरीर में विभिन्न पेश इमाम ने अल्लाह के बताए रास्तों पर चलने की हिदायत दी और माह ए रमजान में बरसने वाली अल्लाह की रहमतों और बरकतों पर रोशनी डाली। बताया अल्लाह इस एक महीने में अपनी रहमतों की बारिश करता है। हर मुसलमान पर रोजा फर्ज है। जुमे पर पीरखांपुर, बाजार सलाबत खां, निजामपुर, नूरखांपुर, आलमपुर, बाजार सरदार खां, काजियाना, पचभैय्या, पश्चिम तरफ, अजिमुल्लाह चौराहा, नईबाजार की तमाम मस्जिद गुलजार रहे। जुमे की नमाज को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा शांति व्यवस्था के लिए जगह जगह पुलिस तैनात किया गया था। नगर पालिका द्वारा मस्जिदों के आसपास साफ सफाई कराए जाने के साथ चूने का छिड़काव भी किया गया।