ज्ञानपुर। चक्रवाती तूफान ताउते का कहर कालीन नगरी में लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। इस क्रम में सोमवार की रात से रूक-रूककर शुरू हुई बारिश बृहस्पतिवार को शाम तक होती रही। जिससे शहर से लेकर देहात तक जल निकासी व्यवस्था की पोल खुल गई। हर तरफ घुटने तक जलजमाव के चलते लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इससे जहां सड़कों पर आवागमन भी मुश्किल हो रहा है। वहिदानगर उपकेंद्र में जलजमाव होने से 70 गांवों में 48 घंटे से अधिक समय से बिजली आपूर्ति ठप है। अरब सागर से उठे चक्रवाती तूफान ताउते ने जिले में भी जमकर तबाही मचाई। सोमवार की रात और मंगलवार को तेज आंधी संग बारिश से सैकड़ों टीनशेड और पेड़ उखड़ गए। इसके बाद बुधवार और बृहस्पतिवार को आंधी तो नहीं आई लेकिन रूक-रूककर कभी तेज तो कभी मध्यम बारिश से हर तरफ पानी-पानी हो गया। वहीं जिले के नगरीय इलाकों संग ग्रामीण अंचलों में जल निकासी व्यवस्था की कलई खुल गई। पानी न निकलने से ज्ञानपुर नगर के पुरानी बाजार, प्रोफेसर कॉलोनी, पुरानी कलेक्ट्रेट मार्ग, गोपीगंज के खरहट्टी मोहाल, सदर मोहाल समेत अन्य मोहल्ले और भदोही, सुरियावां, जंगीगंज आदि क्षेत्रों में जगह-जगह जलजमाव हो गया। बस्तियों में पानी भरने से रहने वालों की परेशानी बढ़ गई। मोढ़ संवाददाता के अनुसार, बाईपास मार्ग से मकनपुर डुहिया मार्ग पर चकजुुरानी गांव में पानी निकासी की सुविधा न होने से बस्ती और मार्ग पर पानी भर गया है। इससे आवागमन ठप हो गया है। इसी तरह कस्तूरीपुर चौराहे से जाने वाले मार्ग से चकचंदा तक पानी जमा हो गया है। भदोही के रजपुरा फेज दो में जलजमाव से आवागमन मुश्किल हो गया है। रजपुरा कालोनी फेज 2 में रहने वाली सुमन पांडेय, शशि सिंह, मंजू गुप्ता आदि ने कहा कि पालिका प्रशासन की ओर से जल निकासी के लिए नाला निर्माण की बात कही जा रही है, लेकिन अब तक जल निकासी के लिए कोई समुचित व्यवस्था नहीं की गई है।