प्रयागराज के संगम में साल 2025 में होने वाले महाकुंभ की तैयारी अभी से शुरू हो गई है। मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी विनीत कुमार श्रीवास्तव ने प्रयागराज-रामबाग रेल खंड का रविवार को विंडो निरीक्षण किया। जरूरी सुविधाओं और निर्माणाधीन कार्य को समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महाकुंभ में श्रद्धालुओं को रेलवे विशेष सुविधाएं देगा।
ज्ञानपुर रोड स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक ने मेला यात्रियों की सुविधा के लिए निर्माणाधीन यात्री आरक्षण केंद्र, अनारक्षित टिकट काउंटर, अस्थाई फूड और वाटर वेंडिंग स्टॉलों, प्रतीक्षालयों, अतिरिक्त प्रवेश और निकास मार्ग के बारे में जानकारी ली। इसके अलावा स्थाई और अस्थाई प्लेटफॉर्मों, यात्री शेड, आरसीसी बेंचों, पैदल पुल, अस्थायी प्रतीक्षालयों, सीसीटीवी सर्विलांस, भीड़ प्रबंधन के लिए नियंत्रण कक्ष के बारे में भी चर्चा की।
उन्होंने पत्रकारों से बताया कि प्रयागराज रामबाग में आगामी कुंभ मेले में अनुमानित भीड़ को ध्यान में रखते हुए सभी प्रबंध किए जा रहे हैं। मेला यात्रियों की सुरक्षा और अधिकतम सुविधाएं देना रेल प्रशासन की प्राथमिकता में है। इसके लिए प्रयागराज रामबाग में अतिरिक्त पैदल रैंपयुक्त उपरिगामी पुल का निर्माण होगा साथ ही मेला स्पेशल ट्रेनें भी चलाई जाएंगी। इस मौके पर वरिष्ठ मंडल इंजीनियर राकेश रंजन, पंकज केसरवानी, अनुज वर्मा, शेख रहमान, मंडल सुरक्षा आयुक्त एस रामकृष्णन, सहायक मंडल परिचालन प्रबंधक हीरा लाल, जन संपर्क अधिकारी अशोक कुमार आदि रहे।