ज्ञानपुर। पूर्वाेत्तर रेलवे के जंगीगंज-धनतुलसी मार्ग पर सरायजगदीश रेलवे फाटक पर जल्दी ही 80 करोड़ रुपये की लागत से ओवरब्रिज का निर्माण होगा। शासनस्तर से इसकी स्वीकृति मिल गई। ओवरब्रिज के निर्माण के लिए 18 करोड़ रुपये स्वीकृत भी हो गए हैं। जल्दी ही इसका निर्माण शुरू कराने की तैयारी है।
धार्मिक एवं पर्यटन स्थली सीतामढ़ी और सेमराध समेत डीघ के करीब 100 गांवों के लोगों का आवागमन जंगीगंज-धनतुलसी मार्ग से होता है।
अक्सर यहां पर रेलवे फाटक बंद होने से जाम लग जाता है। लंबे समय से रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण की मांग चल रही थी। इसके लिए अब 80 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण को प्रशासनिक स्वीकृति के साथ ही प्रथम किस्त के रूप में 18 करोड़ रुपये का आवंटन हो गया है। हालांकि अभी इसको लेकर रेलवे की एनओसी मिलनी बाकी है। इसी माह के आखिरी तक एनओसी की प्रक्रिया पूरी होने की संभावना है। ज्ञानपुर के निषाद पार्टी के विधायक विपुल दुबे ने बताया कि अक्सर इस मार्ग पर एबुलेंस आदि फंस जाते हैं। इससे बड़ी आबादी को परेशानी उठानी पड़ती है। ऐसे में रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण को उन्होंने पत्र लिखा था। जिस पर अब रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण को स्वीकृति मिली है। ज्ञानपुर के निषाद पार्टी के विधायक विपुल दुबे का कहना है कि रेलवे विभाग की एनओसी सहित कुछ तकनीकी औपचारिकताएं पूरी की जानी अभी बाकी हैं, जिन्हें पूरा होने में करीब 30 दिन लग सकते हैं। ब्रिज कारपोरेशन के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर बाकी औपचारिकताएं जल्दी पूरी कराई जाएंगी।