ज्ञानपुर/गोपीगंज (भदोही)। हाईवे प्राधिकरण ने रविवार को अमृत महोत्सव योजना के तहत हंडिया-राजातालाब, नैनी-वाराणसी, जौनपुर-सोरांव और झूंसी-नैनी खंड पर पांच लाख पौधों का रोपण किया। इससे हाईवे पर गुजरने वाले वाहन चालकों, यात्रियों की शुद्ध हवा मिलेगी।
हंडिया-राजातालाब हाईवे के लालानगर स्थित टोलप्लाजा पर मुख्य अतिथि आरओ प्लांटेशन विपिनेश शर्मा ने पांच सौ पौधे लगाए। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्राधिकरण कर्मियों, हाईवे के किनारे जीवन-यापन करने वालों को पौधों की महत्ता समझाई। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय सड़कों के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। अब ग्रामीण विकास मंत्रालय के साथ करार कर आजादी के 75वें अमृत महोत्सव पर 75 लाख पौधे लगाने की योजना तैयार की है। इस योजना के तहत प्रयागजराज प्रखंड अंतर्गत आने वाले चारों हाईवे खंड को इतना हरा-भरा कर दिया जाएगा जिससे हवा शुद्ध होगी। साथ ही 1.60 लाख ऐसी महिलाओं को रोजगार देकर आर्थिक स्रोत को मजबूत बनाएगा। वह उन पौधों की निगरानी करेंगी। हंडिया-राजातालाब सहित चार खंडों की निगरानी पर करीब डेढ़ करोड़ खर्च होगा। मंत्रालय की ओर से पौधरोपण के लिए निर्धारित खर्च की धनराशि लगभग 25 करोड़ तय है। प्राधिकरण के प्लांटेशन एडवाइजर एके मौर्य ने बताया कि प्राधिकरण छायादार, फूलदार के साथ फलदार पौधे भी लगवाएगा जो चयनित महिलाओं को स्वरोजगार की ओर केंद्रित करेंगे। इस मौके पर प्राधिकरण के सत्यप्रकाश, कुलदीप शर्मा, दीपक कुमार, वीरेंद्र कुशवाहा, इंजीनि यर प्रदीप मिश्रा, छगन कुमार आदि रहे।