भदोही। जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने रविवार को शहर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में कोरोना महामारी का प्रसार रोकने तथा इससे बचाव के व्यवस्था की समीक्षा की। डीएम ने कहा कि दूसरे शहरों की स्थिति फिर से गंभीर होने लगी है। ऐसे में इस स्थिति से जिले को बचाने के लिए चिकित्सक, जनप्रतिनिधि और समाज के गणमान्य लोग सहयोग करें।
उन्होंने विशेष रूप से मरीजों के संपर्क में आने वाले लोगों की कोरोना जांच कराने पर जोर दिया। सुबह 11 बजे डीएम स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। चूंकि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बने एल-वन कोरोना हॉस्पिटल में कोई मरीज नहीं है इस पर विचार विमर्श किया। साथ ही एमबीएस अस्पताल में बने एल-टू हॉस्पिटल के बारे में जानकारी ली। पीएचसी के अधीक्षक डा.वीके सिंह ने बताया कि एल-टू हास्पिटल में केवल दो मरीज हैं। इस पर डीएम ने सभी को आगाह किया कि कोरोना प्रभावित मरीजों के संपर्क में आने वालों पर विशेष नजर रखी जाए। इसके लिए शासन के स्पष्ट निर्देश हैं साथ ही यदि ऐसा न किया गया तो कोरोना का बढ़ाव रोक पाना मुश्किल होगा। डीएम ने कहा कि जांच कराने में कोई कोताही न बरती जाए। इस मौके पर एसपी रामबदन सिंह और सीएमओ डा.लक्ष्मी सिंह भी मौजूद रहीं।