ज्ञानपुर। जिले की पुलिस रिस्पांस व्हीकल (पीआरवी) का रिस्पांस टाइम जोन के साथ प्रदेश स्तर पर भी सुधरा है। जोन में जहां जिले की पुलिस को पहली रैंक मिली, वहीं सूबे में पांचवीं रैंक प्राप्त हुई। पीड़ित तक पहुंचने का रिस्पांस टाइम चार मिनट 19 सेकेंड दर्ज किया गया है, जो पिछले दो साल में सबसे बेहतर है। मुसीबत में फंसे लोगों की मदद के लिए पुलिस तेजी से पहुंच रही है।
पुलिस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार किस जिले की पुलिस कितनी तेज है, इसका अंदाजा उसके रिस्पांस टाइम से ही लगाया जाता है। इसका आधार है पीआरवी। आपात कालीन नंबर डायल-112 से जुड़ी पीआरवी को सूचना मिलते ही घटनास्थल पर जाने के लिए कहा जाता है। 2024 में स्थिति ठीक नहीं रही लेकिन 2025 के पहले महीने से ही पीआरवी लगातार अपनी रैंकिग में सुधार कर रही है। अगस्त में पीआरवी चार मिनट 19 सेेकेंड में ही मुसीबत में फंसे लोगों तक पहुंची। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि रिस्पांस टाइम को अभी और सुधारने की कोशिश की जा रही है। पुलिसकर्मियों की मेहनत से भदोही टॉप फाइव में शामिल है।