ज्ञानपुर। ग्रामीण अंचलों से लेकर नगरीय इलाकों की कोटे की दुकानों पर 26 दिसंबर को प्राक्सी का राशन वितरित किया जाएगा। डीएम के निर्देश पर पूर्ति विभाग की ओर से टीमें लगा दी गई हैं। गांवों में सेक्रेटरी तो नगरों में नगर पालिका और नगर पंचायत के कर्मचारियों की उपस्थिति में वितरण होगा। पूर्ति विभाग के अधिकारी दुकानों पर वितरण का जायजा लेने जाएंगे।
सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत गरीबों को सस्ते दर पर राशन मिलता है। आधार कार्ड लिंक होने से अब जिले की 765 कोटे की दुकानों पर अंगूठा लगाने पर अनाज दिया जाता है, लेकिन कई लोगों के कार्ड में तकनीकी खराबी या अंगूठा न लग पाने से उन्हें अनाज नहीं मिल पाता। ऐसे लोगों को पूर्व के महीनों में 23 से 25 तारीख तक प्राक्सी के तहत अनाज दिया जाता था लेकिन अब मंडलायुक्त के निर्देश पर 25 दिसंबर को एक ही दिन वितरण करने के लिए कहा गया था। 25 को क्रिसमस होने से 26 दिसंबर को गांव और शहर की कोटे की दुकानों पर वितरण किया जाएगा। जिला पूर्ति अधिकारी अमित तिवारी ने कहा कि राशन वितरण के लिए सेक्रेटरी, नगर पालिका और नगर पंचायत के कर्मचरी लगे हैं। उन्होंने कोटेदार को सख्त हिदायत दी कि सही मानक एवं नियमों के तहत अनाज का वितरण किया जाए। लापरवाही बरतने पर संबंधित कोटे की दुकान पर कार्रवाई की जाएगी।