सुभाषनगर बाजार में प्रदर्शन करते व्यवसायी।
अघोषित कटौती का सिलसिला थमने का नहीं ले रहा है। कटौती से नाराज सुुभाषनगर के व्यापारियों ने बाजार में विभाग और सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि विभागीय लापरवाही से इलाके में पांच से छह घंटे बिजली मिल रही है। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य और व्यापारी धर्मराज मिश्र के नेतृत्व में शनिवार को दर्जन भर से अधिक व्यापारी लामबंद हो गए। सुभाषनगर के रोही मार्ग पर पैदल मार्च कर बाजार में प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने कहा कि वहिदानगर और रमईपुर फीडर से जुड़े इलाकों में बिजली आपूर्ति का कोई शेड्यूल नहीं है। बिजली कब आएगी और कब जाएगी किसी को पता नहीं रहता। सरकार एक तरफ 15 से 20 घंटे बिजली देने का दावा कर रही है लेकिन आपूर्ति दिन ब दिन बिगड़ रही है। पांच से छह घंटे मिलने वाली बिजली भी बार-बार ट्रिप करती रहती है, जिससे बल्ब, मशीन आदि भी खराब हो जाते हैं। कटौती से खेतीबारी से लेकर व्यापार तक चौपट हो रहा है। चेतावनी दी कि अविलंब आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन करेंगे। प्रदर्शन करने वालों में कैलाश नारायण सिंह, श्याम नारायण बिंद, रमाशंकर यादव, उमेश शुक्ला, वीरेंद्र मौर्य, सोहन सिंह, जय प्रकाश हलवाई, रामधनी मोदनवाल, कल्लू यादव आदि रहे।