चौरी। लठियां गांव में कोटे की दुकान को लेकर आयोजित खुली बैठक में मंगलवार को हंगामा हो गया। बैठक का विरोध कर रजिस्टर फाड़ दिया गया। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। ब्लॉक अधिकारियों ने गांव में नई कोटे की दुकान के लिए खुली बैठक कराने के लिए मंगलवार का दिन निर्धारित किया था। ग्राम पंचायत अधिकारी अरुण मिश्रा की मौजूदगी बैठक शुरू होने पर तीन दावेदारों ने दुकान के लिए दावेदारी कर दी। दावेदारी में दूसरे गांव के लोगों की संलिप्तता का विरोध शुरू होने पर एक व्यक्ति ने कार्यवाही रजिस्टर को फाड़ दिया। इससे बैठक में व्यवधान उत्पन्न हो गया। अधिकारियों ने नाराजगी जताते हुए अग्रिम कार्यवाही को दूसरी बैठक में पूर्ण करने की बात कही। इस दौरान पुलिस को भी ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। वीडीओ की तहरीर पर पुलिस ने रजिस्टर फाड़ने वाले व्यक्ति के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।