ज्ञानपुर/दुर्गागंज। दुर्गागंज थानाक्षेत्र के नीबी गांव में खुली बैठक में अनुसूचित जाति के युवक की पिटाई का मामला गरमा गया है। नाराज ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को एसपी कार्यालय पर प्रदर्शन कर न्याय की गुहार लगाई। ग्रामीण थाने के एक एसआई पर एक पक्षीय कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए उसे हटाने की मांग पर अड़ गए। इस पर एसपी ने मामले की जांच सीओ भदोही को सौंप दी।
जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद के निर्देश पर बुधवार को नीबी गांव में कोटे की दुकान के आवंटन को लेकर नायब तहसीलदार, एडीओ पंचायत, थानाध्यक्ष और सेक्रेटरी की निगरानी में खुली बैठक होनी थी। इसमें दो पक्षों के बीच नोकझोंक और हाथापाई हो गई। इस दौरान अनुसूचित जाति दिनेश वनवासी पुत्र लालमणि को कुछ लोगों ने रॉड से पीट दिया। उसके दोनों पैरों में चोट आ गई। विवाद बढ़ता देख खुली बैठक स्थगित हो गई। पीड़ित की तहरीर पर दुर्गागंज थाने की पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया, जिसको लेकर ग्रामीणों की नाराजगी बढ़ गई।
बृहस्पतिवार को भुक्तभोगी युवक को लेकर ग्रामीण एसपी कार्यालय पहुंचे और प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि थाने के एक एसआई आरोपी को बचाने का प्रयास कर रहा है। कार्रवाई की बजाए पीड़ित को ही धमकाया जा रहा है। एसपी राम बदन सिंह ने कहा कि मामले की जांच के लिए सीओ भदोही को नामित किया गया है। किसी के साथ अन्याय नहीं होगा। प्रदर्शन में ग्राम प्रधान सुरेश बिंद, सुरेश बिंद, पूर्व प्रधान दयाराम पाल, फूलचंद्र, छोटेलाल, श्रीराम पाल, विदेशी मुसहर आदि मौजूद रहे।