ज्ञानपुर। सुरियावां थाना क्षेत्र के पूरेमनोहर गांव में छह दिन पूर्व हुए मारपीट का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। पीड़ित परिवारों ने सोमवार को पत्रक एसपी को सौंपकर प्रदर्शन किया। विवेचक बदलने और हमले में शामिल मनबढ़ों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की। घायल रामजियावन गुप्ता, रामआसरे गुप्ता, भोलानाथ गुप्ता,
वीरेंद्र गुप्ता, शिवम गुप्ता, शकुंतला देवी, चुन्नीलाल, जीतलाल, कृष्णा, राहुल मंजू देवी, संतरा देवी, भुलना देवी, जिया गुप्ता, बलिराम और रोहन ने आरोप लगाया है कि गत बुधवार को दुकान पर पहुंचे अभिया और छतमा निवासी आधा दर्जन से अधिक मनबढ़ लोगों ने सामान खरीदा, पैसा मांगने पर मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर घरों में बैठी महिलाओं, युवतियों के साथ अभद्रता की। पुलिस ने एक पक्षीय कार्रवाई कर ऐसे एसआई को विवेचना की जिम्मेदारी दे दी जो मनबढ़ों से मिले हैं। शीघ्र ही विवेचक को बदलकर निष्पक्ष जांच कराने और नामजद लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।