फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhadohi News: 15 लाख से प्रस्तावित नाली व इंटरलाकिंग का काम अधूरा

विज्ञापन
विज्ञापन
सुरियावां। नगर पंचायत के वार्ड नंबर तीन अशोक नगर में डेढ़ साल से 150 मीटर मार्ग पर इंटरलॉकिंग का काम नहीं हो पाया है। इससे वार्ड के लोगों को आवागमन में समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। डेढ़ साल पहले 15 लाख रुपये की लागत से होने वाले कार्य की गुणवत्ता खराब होने पर काम रोक दिया गया था। अब नए सिरे से निविदा कराकर कार्य कराने की तैयारी है।
विज्ञापन

सुरियावां नगर में वार्ड नंबर तीन की मौर्य बस्ती में सुभाष चंद्र के मकान से लालचंद के मकान तक यह रास्ता पूर्व सभासद सुशील मौर्य के पास स्थित सड़क में मिलता है। डेढ़ साल पहले 15 लाख रुपये की लागत से नाली व इंटरलाकिंग कराने की योजना थी। इसके तहत यहां नाली तो बनवा दी गई थी, लेकिन उसके ढक्कन बेतरतीब ढंग से लगाए गए। इस बीच काम में लापरवाही को लेकर लोगों ने नाराजगी जताई। इसके बाद काम रोक दिया गया। काम रुकने के बाद से अब तक कई ढक्कन टूट चुके हैं और कई जगह नाली चोक है। नाली की सफाई भी नहीं कराई गई है। नाली ऊंची होने के कारण मार्ग ऊबड़-खाबड़ हो गया है। बारिश होने पर सड़क पर पानी भर जाता है। वार्ड के प्रेम शंकर मौर्य और घनश्याम मौर्य ने बताया कि उन्होंने नगर पंचायत में कई बार शिकायत की। इसके बावजूद इंटरलॉकिंग का काम नहीं कराया गया। अधिकारी केवल आश्वासन ही देते रहते हैं, जबकि लोग डेढ़ साल से समस्या से जूझ रहे हैं। नगर के गुलाब चंद्र मौर्य, रामजीत, सभाजीत, चिंतामणि और झिंगुरी सहित अन्य लोगों ने जिलाधिकारी भदोही से मार्ग पर जल्दी इंटरलॉकिंग कराने की मांग की है।
इस संबंध में नगर पंचायत के ईओ सुजीत कुमार का कहना है कि जल्दी ही इंटरलॉकिंग कार्य करा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि डेढ़ साल पहले 15 लाख रुपये का टेंडर हुआ था। उस समय काम ठीक नहीं हो रहा था, जिस पर नागरिकों ने विरोध किया था। इसके बाद काम बंद करा दिया गया था। ईओ ने कहा कि अब फिर से टेंडर होगा। इसके बाद इंटरलॉकिंग सहित अन्य कार्य कराए जाएंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें