केएनपीजी में छात्रसंघ चुनाव के लिए दक्षता भाषण देती प्रतिमा शुक्ला।
ज्ञानपुर। काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सोमवार को छात्रसंघ प्रत्याशियों ने भाषण के जरिए योग्यता का प्रदर्शन किया। दक्षता भाषण में प्रत्याशियों ने महाविद्यालय के कल्याण और विकास के लिए कार्य करने का संकल्प दुहराया। छात्र मतदाताओं से अधिकांश प्रत्याशियों ने कालेज में अराजकता खत्म करने और पठन पाठन का माहौल बनाने के लिए सहयोग मांगा। बारिश के चलते निर्धारित समय से करीब आधे घंटे देरी से योग्यता भाषण शुरू हुआ।
योग्यता भाषण में किशन शुक्ला ने मजबूत छात्र संघ और मजबूत अध्यक्ष चुनने के लिए समर्थन मांगा। एक मात्र महिला प्रत्याशी प्रतिमा शुक्ला ने पठन-पाठन सुधार, कालेज की खोई गरिमा वापस लाने, एलएलबी फैकल्टी पर जोर दिया। विशाल कुमार ने छात्रसंघ चुुनाव प्रचार में फिजूल खर्च पर तंज किया। उपाध्यक्ष पद के पवन कुमार, सतीश पांडेय, विजय राय ने विचार व्यक्त किया। जबकि महामंत्री पद के सूरज मिश्र, संदीप कुमार, अभिषेक कुमार, सुर्यकांत दुबे, श्रवण कुमार पाल, कलेट्टर यादव ने अपने विचार रखे। जबकि पुस्तकालय मंत्री पद के प्रत्याशी ओम प्रकाश सेठ, अजय कुमार यादव, राजहंस तिवारी, हितेष शुक्ला ने छात्रों से अपनी बात रखकर समर्थन मांगा। सबसे अंत में संकाय प्रतिनिधियों को बोलने का नंबर आने पर श्रोताओं की तादाद कम हो गई। विज्ञान संकाय के प्रत्याशी विशाल तिवारी, प्रद्युम्न पांडेय, अनुपम उपाध्याय ने विचार व्यक्त किया। उन्होंने अध्यक्ष प्रत्याशियों को बाद में बोलने का मौका देने का आग्रह किया। जिससे सभी प्रत्याशियों की बात मतदाता सुन सके। संचालन सहायक निर्वाचन अधिकारी प्रभात कुमार ने किया। प्राचार्य डॉ.ललित मोहन जोशी, निर्वाचन अधिकारी डॉ.घन श्याम मिश्र, रोशन प्रसाद, डॉ.आरएन शर्मा, कोतवाल नवीन तिवारी, उप निरीक्षक राकेश पांडेय आदि रहे।