मुहर्रम पर्व के मद्देनजर शुक्रवार को मदरसा खमरिया में एसडीएम औराई की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक हुई। अधिकारियों ने कहा कि इस बार मुहर्रम का जुलूस नहीं निकलेगा और अशांति फैलाने वालों पर पुलिस नजर रखेगी। अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई होगी। बैठक में एसडीएम औराई चंद्रशेखर ने कहा कि मुहर्रम पर किसी तरह का जुलूस नहीं निकाला जाएगा न ही चौक पर ताजिए रखे जाएंगे। गाइड लाइन में फातिहा पढ़कर कर समाज के लोग पर्व मनाएंगे। किसी तरह की अशांति फैलाने वालों पर पुलिस की नजर है। बकरीद पर्व पर खमरिया नगर में हुआ उल्लंघन इस बार बर्दाश्त नहीं होगा। पर्व पर साफ-सफाई, बिजली, पानी, चूने का छिड़काव, सुरक्षा के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी दी। इस मौके पर सीओ अजय कुमार, शाकिब खान, प्रभारी नि रीक्षक सदानंद सिंह, चौकी प्रभारी मनोज राय, जफर खान, मैनुद्दीन अंसारी, रिजवान अंसारी, मोहम्मद मुफ्ती, हारुन रसीद आदि रहे।