श्री कृष्ण जन्मस्थान की मुक्ति के लिए भदोही में शोभायात्रा में शामिल लोग। स्रोत-आयोजक
भदोही। विश्व हिन्दू महासंघ की ओर से शनिवार की शाम नगर में मथुरा श्रीकृष्ण जन्म भूमि मुक्ति के लिए शोभायात्रा निकाली गई। इसके माध्यम से श्रीकृष्ण मंदिर मथुरा को मुक्त कराने का संकल्प लिया गया।
प्रदेश अध्यक्ष भिखारी प्रजापति और धर्माचार्य प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष हरिओम पाठक के निर्देशानुसार महासंघ के संस्थापक पूर्व गोरक्ष पीठाधीश्वर अयोध्या श्रीराम मंदिर मुक्ति समिति के अध्यक्ष रहे राष्ट्रीय संत ब्रह्मलीन मराराज अवेद्यनाथ की 12वीं पुण्यतिथि पर यह शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा के मुख्य अतिथि रुद्र कुमार पाठक ने कहा कि संगठन की ओर से श्रीकृष्ण शोभा यात्रा पूरे प्रदेश में एक ही दिन एक साथ निकाली जा रही है। इसके माध्यम से श्रीकृष्ण मंदिर मथुरा को मुक्त कराने का संकल्प लिया गया। यह आंदोलन विशाल श्रीकृष्ण मंदिर के निर्माण में मील का पत्थर साबित होगा। शोभायात्रा शाम 6 बजे रजपूरा काॅलोनी औराई रोड से चलकर मेन रोड होते हुए रात आठ बजे हरि मंदिर मर्यादपट्टी पहुंच कर समाप्त हुई। अध्यक्षता महेश तिवारी व नेतृत्व विंध्याचल मंडल के प्रभारी प्रमोद मिश्र ने की। मुख्य अतिथि के अलावा आरएसएस के जिला प्रचारक कमलेश, पूर्व विधायक रविन्द्र नाथ त्रिपाठी, उपेन्द्र सिंह, पूर्व चेयरमैन अशोक जायसवाल, ज्ञानपुर चेयरमैन घनश्याम दास गुप्ता, हरिलाल पाल, स्नेहलता श्रीवास्तव, रेखा सिंह, राकेश तिवारी, रजनीश पांडेय, संदीप चौबे आदि मौजूद रहे।