ज्ञानपुर। जिला मुख्यालय से लगे जोरई गांव में बुधवार को एक चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें एक मंच पर ग्राम प्रधान और ग्रामीणों ने गांव के विकास के मसले पर चर्चा की। ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं बताईं और ग्राम प्रधान ने उन्हें ध्यान से सुनने के बाद उनके निराकरण के लिए जरूरी कदम उठाने का भरोसा दिलाया।
फंडामेंटल एक्शन एंड रिसर्च फाउंडेशन (फार्फ) संस्था की ओर से आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों ने मनरेगा, आवासीय योजना और जॉबकार्ड के अलावा विभिन्न समस्याओं को उठाया। ग्राम प्रधान रामधनी यादव ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक ग्रामीणों की चुनौतियों को सिस्टम के सामने मजबूती से नहीं उठाया जाएगा, तब तक जीवन स्तर में सुधार नहीं हो सकता। इसके लिए गांव के मुखिया यानी कि ग्राम प्रधान की भूमिका अहम है। संस्था सदस्यों ने कहा कि गांव की पंचायत को एक मंच देने की यह कोशिश है ताकि जनसमस्याओं के निवारण के साथ ग्रामीण विकास में सार्थक कदम बढ़ाया जा सके। इस मौके पर संस्था के संस्थापक आनंद पांडेय, रवीश पांडेय, रामदत्त मिश्र, पप्पू यादव, हरीश सिंह आदि मौजूद रहे। दूसरी ओर रायपुर गांव में भी संस्था की ओर से सर्वे कार्यक्रम चलाकर ग्रामीणों की समस्याओं को सूचीबद्ध किया गया।