बारिश के बाद भदोही के स्टेशन रोड की दशा
भदोही। भीषण गर्मी और उमस के बीच शुक्रवार की शाम साढ़े चार बजे से एक घंटे तक हुई अच्छी बारिश ने जहां रोजेदारों और आमजन को गर्मी से राहत प्रदान की, वहीं सड़कों पर जलभराव की समस्या से जनजीवन बेपटरी हो गया। बारिश से मुख्य सड़कों के अलावा गली मोहल्लों की नालियां चोक हो गईं, जिससे हर तरफ पानी ही पानी लगा दिखा। नगर के मुख्य स्टेशन रोड के जलभराव में कईयों के बाइक और वाहन खड़े हो गए।
आसमान में बादल बृहस्पतिवार से ही उमड़-घुमड़ कर रहे थे। शुक्रवार की शाम मौसम बन आया और रोजेदारों पर रहमत बनकर बारिश आ गई। दो घंटे तक बारिश होने से स्टेशन रोड, मेनरोड, अहमदगंज गजिया रोड पर हमेशा की तरह पानी तो लगा ही इस बार पहले से नालियां चोक रहने से विभिन्न मोहल्लों से गुजर पाना मुश्किल हो गया। पीरखांपुर, मशाल टाकीज रोड, काजीपुर मुख्य मार्ग, बाजार सलाबत खां, आलमपुर पूर्व पालिकाध्यक्ष मार्ग, घमहांपुर ईदगाह, छेडीबीर, दरोपुर, काशीपुर आदि मोहल्लों में पानी भर जाने से आवागमन मुश्किल हो गया। स्टेशन रोड पर इतना पानी लग गया कि उसमे कई बाइक और चार पहिया वाहन फंस गए।