ज्ञानपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेन्द्र नारायण सिंह ने बृहस्पतिवार को निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों की प्राप्ति को लेकर भदोही ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय अयोध्यापुरी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल के अकादमिक व भौतिक परिवेश की समीक्षा करते हुए प्रभारी प्रधानाध्यापक समीर हसन के कार्यों में घोर लापरवाही पाई। उन्होंने उनका दिसंबर माह का वेतन रोकते हुए तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया। बीएसए ने निरीक्षण में पाया कि स्कूल के प्रभारी प्रधानाध्यापक समीर हसन विद्यालय में अनुपस्थित मिले। जांच में पता चला कि प्रभारी प्रधानाध्यापक हर दिन स्कूल में हस्ताक्षर कर चले जाते हैं। इस पर बीएसए ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। वहीं विद्यालय में नामांकित बच्चे 200 के सापेक्ष केवल 102 उपस्थित मिले। समीक्षा में पाया गया कि एमडीएम रजिस्टर में बच्चों की संख्या में अंकित नहीं गई। वहीं बच्चों भोजन में अनियमितता पाई गई। समीक्षा के दौरान बीएसए ने पाया कि प्रभारी प्रधानाध्यापक के निर्देशानुसार बच्चों का एमडीएम तैयार किया जाता है। बीएसए ने कार्य में लापरवाही व विद्यालय में बरती जा रही अनियमितता को लेकर प्रभारी प्रधानाध्यापक का दिसंबर माह का वेतन बाधित कर दिया और तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है।