प्रधानी चुनाव के पहले चरण के मतदान के लिए सोमवार से ब्लाक कार्यालय पर ग्राम पंचायत सदस्य और प्रधान पदों के लिए नामांकन शुरू हो गया। इसको लेकर दिन भर चौरी रोड पर और ब्लाक कार्यालय के इर्द -गिर्द भारी गहमागहमी रही।
पहले दिन प्रधान पद के लिए 536 और सदस्य पद के लिए 217 लोगों ने नामांकन कर अपनी अपनी दावेदारी ठोकी। इस दौरान प्रत्याशी समर्थकों का उत्साह देखते बन रहा था। नामांकन के मद्देनजर चौरी रोड पर बैरियर लगाकर यातायात रोक दिया गया था।
प्रधानी चुनाव की गहमागहमी का पहले से ही अंदाजा लगाते हुए प्रशासन ने न केवल अति व्यस्त चौरी रोड को बंद कर दिया था, बल्कि सुरक्षा के कडे़ इंतजाम भी कर लिए थे। ब्लाक के मुख्य द्वार से 200 मीटर की परिधि में केवल संभावित प्रत्याशियों और प्रस्तावकों को ही आने की इजाजत थी।
कई प्रत्याशी अपनी ताकत दिखाने के लिए समर्थकों के हुजूम के साथ पहुंच रहे थे, जिन्हें दूर ही रोक दिया जा रहा था। इसको लेकर कई बार अफरातफरी का माहौल नजर आया। कई बार भीड़ को दूर भगाने के लिए पुलिस वाले लाठियां लेकर दौड़ाते दिखे।
नामांकन के समय भदोही से वाराणसी की ओर जा रहे यातायात को रैवड़ा फाटक की ओर और वाराणसी से आने वाले यातायात को वापस लौटा दिया जा रहा था। सड़क पर भारी भीड़ को रोकने के लिए दोनों ओर बैरियर के पास भारी पुलिस बल तैनात था।
रिटर्निंग अफसर गुलाम नबी ने बताया की पहले दिन प्रधान पद के 536 तथा ग्राम पंचायत सदस्य पद के 217 ने नामांकन किया। मंगलवार को भी नामांकन का अंतिम दिन होगा। जानकारी हो कि पहले चरण का मतदान 28 नवंबर को निर्धारित है।