दो पालियों में 17240 परीक्षार्थी लेखपाल भर्ती की परीक्षा देंगे। सुबह और शाम की पालियों में 8620-8620 परीक्षार्थी परीक्षा में बैठेंगे। केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर मजिस्ट्रेट के अलावा पर्यवेक्षक परीक्षा पर निगरानी रखेंगे। केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। शनिवार को अफसरों ने कई परीक्षा केंद्रों का अवलोकन कर तैयारियों का जायजा लिया।
जिले में लेखपाल भर्ती की परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली में सुबह साढ़े 10 बजे से 12 बजे और दूसरी पाली में तीन बजे से साढ़े चार बजे तक होगी। इसके लिए जिले में 14 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर परीक्षार्थियों की संख्या भी निर्धारित कर दी गई है। सुबह और शाम की पाली में सेंट थॉमस स्कूल ज्ञानपुर परीक्षा केंद्र पर 700 परीक्षार्थी, सेंट थॉमस गोपीगंज में 720, वुडवर्ड पब्लिक स्कूल भदोही में 720, काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 720, विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज में 720, काशीराज इंटर कॉलेज, औराई, माधोसिंह पब्लिक इंटर स्कूल और मदर हलीमा भदोही में 648-648 परीक्षार्थी, इंद्र बहादुर नेशनल इंटर कॉलेज में 600, ओम उच्च शिक्षक संस्थान में 576, एमए समद इंटर कॉलेज भदोही में 528, सेंट मेरीज स्कूल भदोही में 492, महर्षि शिवव्रत इंटर कॉलेज में 480 और डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी महाविद्यालय भदोही में 420 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा केंद्रों के कक्षों में कर्मचारी शनिवार को दिनभर डेस्क स्लिप आदि चिपकाते रहे। एसडीएम उमाकांत त्रिपाठी ने सेंट थामस स्कूल ज्ञानपुर, गोपीगंज, वीएनजीआईसी, केएनपीजी का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
इनसेट
मोबाइल, इलेक्ट्रानिक उपकरण पर रहेगा प्रतिबंध
ज्ञानपुर। जिलाधिकारी प्रकाश बिंदु ने लेखपाल भर्ती में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों को निर्देशित किया कि वह केंद्र के अंदर मोबाइल सहित अन्य इलेक्ट्रानिक उपकरण लेकर न जाएं। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल आदि मिलने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।