जीआईसी में प्रवेश परीक्षा को लेकर डेस्क स्लिप लगवाते शिक्षक। संवाद
ज्ञानपुर। जवाहर नवोदय विद्यालय ज्ञानपुर में कक्षा छह में प्रवेश के लिए होने वाली परीक्षा की तैयारी शुक्रवार शाम तक पूरी कर ली गई। शनिवार को 11 केंद्रों पर सीसीटीवी की निगरानी में परीक्षा शुरू होगी। परीक्षा को पारदर्शी तरीके से कराने के लिए सभी केंद्रों पर एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट और एक पर्यवेक्षक की ड्यूटी लगाई गई है। 80 सीटों के लिए 4261 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया है। परीक्षा के लिए कुल 203 कक्ष निरीक्षक लगाए गए हैं। जवाहर नवोदय विद्यालय ज्ञानपुर में कक्षा छह में 80 सीटें निर्धारित हैं। इसमें प्रवेश के लिए हर वर्ष परीक्षा कराई जाती है। इन सीटों पर प्रवेश के लिए होने वाली परीक्षा में भाग लेने के लिए 4261 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया है। नवोदय विद्यालय समिति और प्रशासन की तरफ से परीक्षा कराने के लिए तैयारियां की गईं हैं। जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. इकरामुद्दीन सिद्दीकी ने बताया कि उनके पर्यवेक्षकों ने सभी केंद्रों की जांच पूरी कर ली है। केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त किए गए हैं। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने हर केंद्र के लिए एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट नामित किया है। इसके अलावा एक-एक पर्यवेक्षक लगाए गए हैं। सुबह परीक्षा 11:30 बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक चलेगी। परीक्षा केंद्रों पर पुलिसकर्मियों की भी तैनाती रहेगी। परीक्षार्थियों को एक घंटे पहले से ही प्रवेश दिया जाएगा। बच्चों को सुबह 10 बजे तक केंद्रों पर पहुंचने को कहा गया है।