जिले में बृहस्पतिवार को इमामबाड़ा स्थित ईदगाह समेत 313 स्थानों पर अकीदत के साथ बकरीद की नमाज अदा की गई। नमाज के बाद अकीदतमंदों ने दुनिया में सुख शांति व अमन चैन की दुआ मांगी। रिश्तों में सेंवई की मिठास घुल गई।
छानबे विकासखंड के विजयपुर, जमालपुर, अदलहाट, मड़िहान व चुनार आदि जगहों पर सुबह 6:45 बजे ईदगाह में नमाज अदा की गई। इसके बाद 10 मिनट 15 मिनट के अंतराल पर अन्य मस्जिदों में नमाज की गई।
जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार व पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने संवेदनशील स्थानाें का दाैरा कर जायजा लिया।
चुनार के दरगाह शरीफ मुहल्ले में स्थित हजरत बाबा कासिस सुलेमानी के दरगाह, भरपुर लाइन स्थित ईदगाह, मोची टोला स्थित जामा मस्जिद, चौक बाजार, गंगेश्वरनाथ, गोला बाजार स्थित आदि मस्जिदों में ईद उल अजहा की नमाज अदा की गई।
कछवां क्षेत्र के मझवां, जलालपुर, बजरडीहा के ईदगाह एवं मस्जिदों में लोगों ने देश में अमन-चैन, भाईचारे एवं खुशहाली की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी।
ईदगाहों के आसपास सुबह से ही मेला जैसा का माहौल रहा। सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं खंड विकास अधिकारी विमल प्रकाश पाण्डेय तथा थानाध्यक्ष अमरजीत चौहान लगातार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। जिगना क्षेत्र में बकरीद हर्षोल्लास के साथ मनाई गई।
विजयपुर में गुलाम रसूल व जरैला में परवेज़ ख़ान सहित कई स्थानों पर हिंदुओं ने गले मिलकर मुबारकबाद दी।
लालगंज थाना क्षेत्र के बामी, रामपुर वासिद अली, इस्लामपुर में मुस्लिम समुदाय की ओर से बकरीद (ईद-उल-अजहा) का पर्व शांतिपूर्ण संपन्न हुआ।
जिलाधिकारी ने नन्हें नमाजी को गले लगाकर दी मुबारकबाद 11: मिर्जापुर। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार व पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बृहस्पतिवार को ईदउल अजहा के पर्व पर इमामबाड़ा स्थित ईदगाह सहित अन्य जगहों का दाैरा किया।
जिलाधिकारी ने ईदगाह में नन्हें नमाजी को गले लगाकर और गोद में उठाकर ईद की मुबारकबाद दी। नमाज पढ़कर लौटते हुए अन्य लोगों को भी ईद की मुबारकबाद दी।