ज्ञानपुर। इंटरमीडिएट की प्रायोगिक परीक्षा की तिथि जिले में तय हो गई है। 29 जनवरी से पांच फरवरी तक परीक्षा कराई जाएगी। विज्ञान वर्ग की मान्यता वाले कालेजों को केंद्र बनाया जाएगा। पारदर्शी परीक्षा कराने के लिए प्रधानाचार्यों को सीसीटीवी सहित अन्य व्यवस्थाएं ठीक रखने का निर्देश दिया गया।
फरवरी-मार्च में संभावित बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में 105 केंद्र बनाए गए हैं। बोर्ड परीक्षा की तिथि अभी तय नहीं हो सकी है, लेकिन निदेशालय ने प्री बोर्ड और प्रायोगिक परीक्षा की तिथि शुक्रवार की शाम को तय कर दिया। जिसके मद्देनजर जिला विद्यालय निरीक्षक एनएल गुप्ता ने शनिवार को जिले में 29 जनवरी से पांच फरवरी तक परीक्षा को पूर्ण कराने का पत्र जारी किया। उन्होंने बताया कि बोर्ड परीक्षा बने 105 केंद्रों में जिनके पास विज्ञान की मान्यता होगी उनको ही केंद्र बनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रायोगिक परीक्षा के प्राप्तांक आदि अपलोड करने के लिए परिषद की वेबसाइट 10 जनवरी से ही क्रियाशील हो जाएगी। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरे के साथ ही डीबीआर में सबकुछ सुरक्षित रखा जाएगा। जिससे परिषद को बाद भी मुहैया कराया जा सके।