गोपीगंज। वाराणसी-प्रयागराज हाईवे पर मंगलवार की रात अनियंत्रित बाइक डिवाइडर से टकरा गई। दुर्घटना में पोल्ट्रीफार्म संचालक रविंद्र सिंह (30) निवासी ननवगपुर-जखांव की मौत हो गई । वहीं उसके साथी सनी सिंह (21) गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ननवगपुर-जखांव निवासी रविंद्र सिंह एक ही बाइक से सनी सिंह के साथ औरंगाबाद-औराई स्थित एक बारात में गए थे। रात लगभग 11 बजे दोनों बारात से लौट रहे थे। जैसे ही वे हाईवे से सटे माधोपुर गांव के पास पहुंचे। इसी बीच सनी सिंह का नियंत्रण बिगड़ गया और बाइक डिवाइडर टकरा गई। सिर में गंभीर चोट लगने के चलते रविंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोग घटनास्थल पहुंच कर पुलिस को सूचना दी।
मृतक रविंद्र सिंह पोल्ट्रीफार्म चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनको एक बेटा और दो बेटियां हैं। रविंद्र सिंह की मौत से परिजनों के आंसू नहीं रुक रहे थे। प्रभारी निरीक्षक सदानंद सिंह ने कहा कि पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
गोपीगंज। कस्बा चौकी के समीप और हाईवे स्थित बड़ा चौराहा पर बुधवार की सुबह एक कार, ट्रेलर के धक्के से क्षतिग्रस्त हो गई। कार सवार बाल-बाल बच गए। मौका देखकर ट्रेलर चालक भाग निकला। स्थानीय लोगों ने बताया कि फ्लाईओवर गोपीगंज के पिलर नंबर 18 में आई तकनीकी खराबी को दूर करने के लिए हाईवे प्राधिकरण टीम तीन दिनों से कार्य कर रही है। प्राधिकरण ने वाराणसी-प्रयागराज मुख्य दक्षिणी लेन पर डिवाइडर लगा दी है। जिससे आवागमन नहीं हो पा रही है। इससे सर्विसलेन पर ही आवागमन का अतिरिक्त भार है। वहीं पटरियों पर अतिक्रमण भी लोगों की मुश्किलें खड़ी कर दी है।