संवाद न्यूज एजेंसीघोसिया। खींचतान के बीच बुधवार को खमरिया नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में सात करोड़ रुपये के प्रस्ताव को मंजूूरी दी गई। इसमें जल निकासी की व्यवस्था, आरओ का शुद्ध पानी आपूर्ति और तालाबों कोे सुंदरीकरण की योजना है। चेयरमैन हाजी महमूद की अध्यक्षता में हुई बैठक का पांच सभासदों ने बहिष्कार किया।
खमरिया नगर पंचायत की तीसरी बैठक आयोजित थी। इसके पहले हुई दो बैठकें सभासदों के विरोध के कारण रद्द हो गई थीं। बैठक शुरू होते ही अपनी मांगों को पूरा नहीं करने की बात कहते हुए पांच सभासदों ने हंगामा करना शुरू कर दिया और बैठक का बहिष्कार किया। उनका कहना था कि प्रथम बैठक के प्रस्ताव को रद्द किया जाना चाहिए। उनके विरोध के बावजूद बैठक की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।
नगर में पेयजल की समस्या के समाधान के लिए वार्डों में 99,28,230 की लागत से आरओ प्लांट लगाने, एक करोड़ 20 लाख की लागत से तालाब सुंदरीकरण, 2 करोड़ 37 लाख की लागत से जल निकासी समस्या का समाधान, इंटरलॉकिंग व नाली के लिए 2 करोड़ 5 लाख की लागत का प्रस्ताव पर मुहर लगाई गई।
अलाव जलाने के लकड़ी खरीदने का प्रस्ताव, ट्रालीयुक्त ट्रांसफार्मर, एलईडी लाइट, गृहकर व जलकर ऑनलाइन करने, 400 केवीए मोबाइल ट्रांसफार्मर, 1 एंबुलेंस, प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरा लगाने, कूड़ा डंपिंग करने के लिए जमीन खरीदने, हाई मार्ट लाइट 200 वाट लगवाने और इंटरलॉकिंग नाली, मिनी ट्यूबेल सहित दर्जनों प्रस्ताव बहुमत से पास हुए। अधिशासी अधिकारी जितेंद्र सिंह यादव ने बताया कि इस प्रस्तावों को शासन के पास स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। बैठक बड़े बाबू श्याम बहादुर पटेल, सभासद बाबू खान, इस्तियाक अहमद, मजहर, मैनुद्दीन अंसारी, कुसुम देवी, चिंता देवी, विजय गौतम सहित अन्य मौजूद रहे।
हस्तलिखित प्रस्ताव को रद्द करने की मांग
बैठक का बहिष्कार करने वाले सभासदों का कहना है कि नगर पंचायत द्वारा निलंबित बाबू श्याम सुंदर पटेल द्वारा हस्तलिखित प्रस्ताव को अब तक रद्द नहीं किया गया है जबकि इसको लेकर कई बार शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है। सभासदों का कहना था कि 2023 में 27 जुलाई को जिलाधिकारी व अधिशासी अधिकारी खमरिया के समक्ष प्रस्तुत शपथ में सभासदों ने फर्जी प्रस्ताव लिखने की शिकायत भी दर्ज कराई थी। नगर पंचायत की ओर से अब तक बड़े बाबू पर उचित कार्रवाई भी नहीं की गई। बहिष्कार करने वालों में संजय मौर्य, कृष्णकांत मोर्य, कमल मौर्य उदयभान मौर्य और निशा मौर्य शामिल रहीं।