भदोही। भदोही नगर पालिका परिषद के वार्ड संख्या 20 रामसहायपुर के रिक्त सभासद पद के लिए शनिवार को हुए मतदान में 54.22 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। 2916 मतदाताओं वाले वार्ड में कुल दो मतदान केंद्र बनाए गए थे। पुलिस उपाधीक्षक भूषण वर्मा और एसडीएम अभय कुमार पांडेय ने कई बार बूथों का निरीक्षण किया। मतदान शांतिपूर्ण रहा।
दिसंबर 2017 में हुए पालिका चुनाव में वार्ड से साहेबे आलम ने चुनाव जीता था, लेकिन कुछ ही महीनों के बाद उनके इस्तीफा दे देने से सीट रिक्त चल रही थी। 2916 मतदाताओं में से 54.22 प्रतिशत लोगों ने वोट डाले। वोट डालने के लिए रामसहायपुर स्थित मदरसा और अंबर नीम स्थित फैज नर्सरी स्कूल को मतदान केंद्र बनाया गया था। सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ। पीठासीन अधिकारियों राजू प्रसाद मौर्य और चंद्रभूषण शुक्ल ने प्रत्याशियों को बैलट बाक्स की जांच कराई जिसके बाद मतदान शुरू हुआ। शुभारंभ में ही केंद्रों पर कुछ मतदाता दिखे। इसके बाद इक्का दुक्का लोग आते जाते रहे।
कुल दस दावेदारों ने नामांकन किया था। एक पर्चा खारिज हो जाने और एक प्रत्याशी द्वारा नामांकन वापस लेने के बाद कुल आठ प्रत्याशी मैदान में थे। उक्त उपचुनाव भदोही नगर परिषद के अध्यक्ष अशोक कुमार जायसवाल का गृह वार्ड होने के नाते सीट भाजपा को जिताने के लिए प्रतिष्ठापरक बन गई थी। चर्चाओं के अनुसार भाजपा के केलाश मिश्र और निर्दल प्रत्याशी साजिदा बेगम के बीच कड़ा मुकाबला है। चुनाव के चलते सुबह से लेकर शाम तक दोनों मतदान केंद्रों के आसपास भारी गहमागहमी रही। 15 जुलाई को भदोही तहसील में मतों की गणना होगी।