ज्ञानपुर। जिले में पांच साल तक के 2.78 लाख नौनिहालों को पोलियोरोधी खुराक दी जाएगी। इसके लिए 14 से 19 दिसंबर तक पोलियो प्रतिरक्षण अभियान चलाया जाएगा। इसे सफल बनाने के लिए जिले में कुल 454 टीमों का गठन किया गया है। एक दिवसीय अभियान में छूटे बच्चों को घर-घर पहुंचकर पोलियो की खुराक दी जाएगी। जिले के दो लाख 38 हजार परिवारों में जीरो से पांच साल तक के कुल 2.78 हजार बच्चे चिह्नित किए गए हैं। उन्हें पोलियोरोधी दवा पिलाने का लक्ष्य है। अभियान को सफल बनाने के लिए 633 पोलियो बूथ बनाए गए हैं। जहां पहले दिन 14 दिसंबर को बच्चों को दवा पिलाई जाएगी। इसके बाद स्वास्थ्यकर्मी डोर टू डोर दवा पिलाएंगे। इसके लिए 454 टीम बनाकर 154 पर्यवेक्षक और 1947 कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। जिन बच्चों को दवा पिलाई जाएगी, उनकी छोटी अंगुली पर निशान भी लगाया जाएगा। ताकि उनकी पहचान हो सके, उन्हें दवा पिलाई गई है। सीएमओ डॉ. एसके चक ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान को लेकर सारी तैयारी हो चुकी है। स्वास्थ्यकर्मियों को उनकी जिम्मेदारी बता दी गई है। बताया कि अभियान के दौरान मोबाइल टीम के जरिए ईंट भट्ठों पर काम करने वाले श्रमिकों के बच्चों, सड़कों के किनारे, रेलवे स्टेशन व अन्य स्थानों पर झुग्गी झोपड़ी में निवास करने वाले बच्चों को भी पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। अभियान की मॉनिटरिंग हर दिन किया जाएगा।