पुलिस लाइन परिसर में सोमवार को पुलिस भर्ती के तहत 60 अभ्यर्थियों का परीक्षण किया गया। मेडिकल और संविक्षा दल की टीमों ने मेडिकल और अभिलेखीय जांच की। मेडिकल में खामियों के चलते 13 अभ्यर्थियों को फेल कर दिया गया जबकि एक अभ्यर्थी की उम्र अधिक होने के चलते फेल किया गया।
पुलिस भर्ती में विभिन्न जिलों के चयनित अभ्यर्थियों का मेडिकल और अभिलेखीय जांच कराई जा रही है। भदोही जिले में आए अभ्यर्थियों की जांच सोमवार को पूर्वाह्न 10 बजे से शुरू हुआ जो देर शाम तक चलता रहा।
पुलिस लाइन परिसर में बनाए गए कैंप में उपस्थित अभ्यर्थियों को बारी-बारी से बुलाकर मेडिकल और अभिलेखीय जांच किया गया। संविक्षा दल में शामिल सीओ श्यामशंकर पांडेय, एआर कोआपरेटिव रमेश कुमार गुप्ता, एसडीएम ज्ञानपुर राजेंद्र प्रसाद, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. सत्य प्रकाश त्रिपाठी, अधिशासी अभियंता जल निगम विश्वदीपक, नहर मो. फरीद ने आनलाइन तरीके से अभिलेखों की गहनता से जांच की।
अभिलेखीय जांच पूर्ण होने के बाद डाक्टरों की टीम ने अभ्यर्थियों का मेडिकल किया। सीओ श्यामशंकर पांडेय ने बताया कि 60 अभ्यर्थियों के परीक्षण में 14 असफल हो गए। 13 अभ्यर्थी मेडिकल में और एक की उम्र अधिक होने के चलते असफल किया गया।