सुरियावां। जिले की पुलिस कोरोना संक्रमण से निपटने के लिए मुस्तैदी दिखाई है। इसमें सुरियावां पुलिस ने भी कुछ अलग करने का प्रयास किया है। लॉकडाउन के बाद सामाजिक सहयोग से अन्नपूर्णा बैंक से जरूरतमंदों की भूख पुलिस मिटा रही है। अब अनूठी पेंटिग के माध्यम से लोगों को जागरूक कर रही है।
पुलिस की पेंटिंग लोगों का ध्यान खींच रहीं हैं। जो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही हैं। नगर से मध्य गुजरने वाली सड़क पर पुलिस ने एक पेंटिंग बनाई है। पेंटिंग में कुछ इस तरह का संदेश लिखा है। सड़क पर बनाई गई पेंटिंग में एक घर बना है और घर के ऊपर कोरोना का सांकेतिक चित्र बना है। नीचे यह नारा लिखा गया है ‘घर में रहें, सुरक्षित रहें’। ‘कोरोना हारेगा, भारत जीतेगा’। थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि जागरूकता के लिए पेंटिंग बनाई गई है। कभी-कभी हमारी लाख कोशिश जो नहीं कर पाती, वह इस तरह के संदेश कर जाते हैं।