ज्ञानपुर। गुंडा एक्ट की कार्रवाई के लिए पुलिस ने विधायक के पुराने आपराधिक रिकॉर्डों को भी खंगाल लिया है। उनके 80 के दशक से लेकर 2019 तक दर्ज हुए 71 मुकदमों का ब्योरा जुटाने के बाद पुलिस ने गुंडा एक्ट की कार्रवाई शुरू की है। गौरतलब है कि विधायक विजय मिश्र पर भदोही के अलावा प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी, मेरठ आदि जिलों के विभिन्न थानों में कुल 71 मुकदमे दर्ज हैं। हालांकि इनमें से कई मामलों में वह बरी भी हो चुके हैं।
...तो टोल प्लाजा की लड़ाई है असली वजह
ज्ञानपुर। वायरल ऑडियो में विधायक विजय मिश्र की ओर से औराई के सहसेपुर गांव निवासी टोल प्लाजा के साझीदार को धमकी देने की जो बात कही जा रही है, उसके पीछे पुलिस के मुताबिक टोल प्लाजा हासिल न कर पाने का मलाल है। पुलिस कप्तान ने कहा कि चूंकि विधायक विजय मिश्र टोल टैक्स प्लाजा का टेंडर नहीं ले पाए, इसलिए उसे धमका रहे थे। हालांकि पुलिस की इस थ्योरी को तब और अधिक बल मिलता, जब भुक्तभोगी स्वयं शिकायत लेकर सामने आ जाता। वैसे तो प्रकरण की पूरी असलियत जांच के बाद ही सामने आ पाएगी। मगर, पुलिस की इस ताजा कार्रवाई से जिले के सियासी जगत में हलचल जरूर मच गई है। हालांकि टोल प्लाजा लेने के मसले पर विधायक विजय मिश्र ने कहा कि हमने कभी भी टोल प्लाजा का टेंडर लेने की कोशिश नहीं की। मैंने टोल वसूली का काम कभी नहीं किया। मेरी हत्या की साजिश कर रहे विपक्षियों के खिलाफ शिकायत करने के कारण यह नया षड्यंत्र किया गया है।