ज्ञानपुर। उप्र उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर निर्दोष लोगों पर दर्ज फर्जी मुकदमे को वापस लेने की मांग की। चेतावनी दिया है कि एक सप्ताह में मुकदमे वापस न होने पर पदाधिकारी आगे की रणनीति बनाने के लिए विवश होंगे।
जिलाध्यक्ष राधेश्याम गुप्ता ने बताया कि छह सितंबर को भदोही कोतवाली के कटरा बाजार में दो पक्षों के बीच चल रही रंजिश में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। मृतक पक्ष ने मामले में नगर पालिका अध्यक्ष भदोही और रामलीला, दुर्गा पूजा महासमिति के पदाधिकारियों के खिलाफ फर्जी तथ्यों पर मुकदमा दर्ज कराया है, जो अनुचित है। मामले की निष्पक्ष जांच न कर पुलिस अब नगर पालिका अध्यक्ष और महासमिति के पदाधिकारी का उत्पीड़न कर रही है। फर्जी मुकदमे में फंसे निर्दोष लोग और पदाधिकारियों के कारण रामलीला, दशहरा, भरतमिलाप जैसे धार्मिक कार्यों पर असर पड़ रहा है, जिससे व्यापारी समाज आहत है। निर्दोष लोगों पर लगे फर्जी मुकदमे अविलंब हटाकर व्यापार मंडल की मांग पूरी की जाए। इस मौके पर कमलेश जायसवाल, अंबुज शुक्ला, संतोष जायसवाल, विनीत बरनवाल, गिरधारीलाल, कैलाश मिश्रा, करुणा शंकर दुबे, विजय कुमार, दिनेश उमर, बिहारीलाल केेसरवानी आदि रहे।