ज्ञानपुर। छात्राएं अपने को कमजोर न समझें, बल्कि शारीरिक और मानसिक तौर पर मजबूत बनकर किसी भी परिस्थिति से सामना करने के लिए तैयार रहें। समाज में कहीं भी बालिकाओं के साथ किसी भी तरह की घटना, दुर्घटना या छींटाकशी हो तो पुलिस को सूचित करें। पुलिस की ओर से तत्काल कार्रवाई की जाएगी। यह बातें अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती ने कहीं। वह अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से सोमवार को विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज ज्ञानपुर में आयोजित पुलिस पाठशाला में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि बेटियां आगे बढ़ें, कोई भी अराजक तत्व आपके रास्ते में बाधक बनता है तो पुलिस आपके साथ खड़ी है। उन्होंने बालिकाओं और महिलाओं की सुरक्षा और उनके उत्थान के लिए सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। कहा कि पुलिस को दोस्त समझकर अपनी हर छोटी-बड़ी समस्या साझा करें। सोशल मीडिया के इस्तेमाल के दौरान सतर्क रहें। फेक आईडी के जरिये छात्राओं और महिलाओं को निशाना बनाया जा रहा है। ऐसे में कहीं भी कोई दिक्कत हो तो छात्राएं 1090, 112 सहित अन्य हेल्पलाइन नंबरों के माध्यम से अपनी बात रख सकती हैं। उन्होंने छात्राओं से संवाद करते हुए पूर्व और वर्तमान परिवेश पर विस्तार से प्रकाश डाला। छात्र-छात्राएं सवालों का जवाब पाकर काफी खुश हुईं। आईएएस, आईपीएस संग उच्च स्तर के प्रशासनिक पदों के लिए होने वाली पढ़ाई, तैयारी आदि के बारे में भी बताया। संचालन रामगोपाल ने किया। इसके पूर्व जीआईसी के प्रधानाचार्य विजय यादव, प्रेमचंद्र यादव ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। कार्यक्रम में 150 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।