गोपीगंज कोतवाली के माधोरामसिंहपुर गांव स्थित एक प्रतिष्ठान में शनिवार को पुलिस टीम ने दबिश दी। प्रतिष्ठान में देह व्यापार की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। मौके पर दो जोड़े मिले। जिन्हें पुलिस ने हिदायत देते हुए छोड़ दी। पुलिस ने प्रतिष्ठान के रजिस्ट्रेशन की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार पुलिस को काफी दिनों से सूचना मिल रही थी कि माधोरामसिंहपुर गांव में हाईवे किनारे एक प्रतिष्ठान में देह व्यापार हो रहा है।
शिकायत के आधार पर सीओ ज्ञानपुर चमन सिंह चावड़ा ने शनिवार को प्रतिष्ठान में दबिश दी। बताया जा रहा है कि प्रतिष्ठान में पुलिस को कुछ खास हाथ नहीं लगा। हालांकि कुछ युवतियां और युवक जरूर थे। वे सभी बालिग बताए जा रहे थे। पुलिस ने सभी को समझा-बुझाकर छोड़ दिया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस पहुंची थी।
हालांकि वहां देह व्यापार जैसा कुछ नहीं रहा। कुछ युवक और युवतियां मौजूद थे। जिन्हें समझा-बुझाकर हिदायत के साथ छोड़ दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रतिष्ठान के रजिस्ट्रेशन की जांच कराई जा रही है। अगर होटल या लॉज का रजिस्ट्रेशन नहीं मिलता है तो संबंधित पर कार्रवाई के लिए डीएम को पत्र लिखा जाएगा।