जिले के पीएमश्री विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र अपनी लेखन प्रतिभा को निखार सकेंगे। इसके लिए विद्यार्थियों की रचनाओं पर आधारित त्रैमासिक पत्रिका प्रकाशित की जाएगी। इसके लिए 11 पीएमश्री स्कूल में पढ़ने वाले ऐसे छात्रों की रचनाओं को संकलित करने की प्रक्रिया शुरु हो गई है। जिले में 885 प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और कंपोजिट विद्यालय संचालित हैं। जिसमें 11 विद्यालयों का चयन पीएम श्री में किया गया है। इन विद्यालयों में प्रदेश के साथ ही केंद्र सरकार की तरफ से तमाम सुविधाएं मुहैया कराई जा रही है। बच्चों के लेखन में निखार के लिए पत्रिका का प्रकाशन किया जाएगा। इसके लिए जिला स्तर पर गठित संपादक मंडल में डायट के प्राचार्य को इसका अध्यक्ष बनाया गया है। मंडल में साहित्य में दिलचस्पी रखने वाले एक खंड शिक्षाधिकारी, पीएमश्री विद्यालयों के दो शिक्षक, एक डायट प्रवक्ता और एसआरजी को सदस्य के रूप में शामिल किया जाएगा। इसके अलावा पीएमश्री विद्यालयों से दो छात्र एवं दो छात्राएं विशेष आमंत्रित सदस्य होंगे। पत्रिका के लिए बजट स्वीकृत हो गया है। बीएसए विकास चौधरी ने बताया कि दिसंबर में पत्रिका का अंक आएगा। पत्रिका 64 पेज की होगी। पीएमश्री विद्यालयों के बच्चों से लेख, कविता, कहानी, ड्राइंड आदि मंगाए जा रहे हैं।