विंध्याचल मंडल के कमिश्नर अनिल कुमार ने पंचायत चुनाव पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ कराने का निर्देश मातहतों को दिया है। शुक्रवार को जिला प्रशासन के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में मंडलायुक्त ने कहा कि एसडीएम और सीओ संयुक्त रूप से अपने-अपने क्षेत्र में बूथों का भ्रमण करें और अवांछनीय तत्वों, संदिग्ध लोगों को पाबंद कराएं।
शाम चार बजे के आसपास जिला मुख्यालय पहुंचे मंडलायुक्त ने पंचायत चुनाव संबंधी बैठक में अधिकारियों को बताया कि यह बहुत ही संवेदनशील चुनाव है। एसडीएम और सीओ को निर्देशित किया कि आचार संहिता का पालन कराने के लिए क्षेत्र में व्यापक अभियान चलाएं। साथ ही शरारती किस्म के तत्वों को चिह्नित कर 107, 15 के तहत पाबंद करें। मंडलायुक्त ने कहा कि अपने क्षेत्र में इस पर भी ध्यान रखें कि प्रत्याशी अथवा उम्मीदवार मतदाताओं को डराने, धमकाने, शराब, साड़ी, धन वितरण न करें। ऐसे मामले सामने आएं तो तत्काल एफआईआर दर्ज कराएं।
डीआईजी शिवसागर सिंह ने कहा कि मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था की जाएगी। संवेदनशील केंद्रों पर विशेष पुलिस बल की व्यवस्था करने के साथ-साथ अधिकारी लगातार निगरानी करते रहेंगे। जिलाधिकारी प्रकाश बिंदु, पुलिस अधीक्षक एके राय, सीडीओ आरपी मिश्रा, एडीएम हरिलाल यादव आदि मौजूद रहे।