ज्ञानपुर। कोरोना संक्रमण काल में पौधरोपण की होड़ सी मच गई है। लॉकडाउन में समय का सदुपयोग करने से लेकर अनलॉक में पर्यावरण संरक्षण की मुहिम को गति देने तक के कार्य में पौधरोपण अभियान को बल प्रदान किया गया। खास बात यह कि नगर से लेकर गांवों तक पौधरोपण अभियान इन दिनों तेज गति से आगे बढ़ रहा है।
पौधरोपण अभियान के तहत जिला प्रशासन ने विभिन्न विभागों को जिम्मेदारी देकर भले ही नौ लाख से अधिक पौधे लगवाने का दावा किया, लेकिन पर्यावरण संरक्षण को लेकर लोगों में जागृत हो रहे खुद की जिम्मेदारी के भाव ने इस मिशन को खूब ताकत दी है। यही वजह है कि भदोही जिले में कोरोना संक्रमण काल में भी जमकर पौधरोपण हुआ है। शुक्रवार को ज्ञानपुर नगर से लगे भिदिउरा गांव में ग्रामीणों ने पौधरोपण किया। आशीष पाठक ने कहा कि यह एक नेक कार्य है। इस समय महामारी के प्रकोप के बीच लोग घर से बाहर निकलने से बच रहे हैं। इसलिए घर पर रहते हुए पर्यावरण प्रदूषण को दूर करने की दिशा में सोचना किफायती काम है। ऐसे में पौधरोपण से बेहतर विकल्प और क्या हो सकता है। उधर डीघ क्षेत्र के मझगवां गांव में भी ग्रामीणों ने पौधरोपण किया। इसमें राजबहादुर यादव, चंद्रजीत यादव, अभिषेक यादव, चंद्रेश यादव आदि शामिल रहे। कहा कि कोरोना काल में घर पर रहते हुए टाइम पास करने का इससे बेहतर तरीका और कुछ नहीं हो सकता। इसलिए गांव में पौधे लगवाया जा रहा है।