ज्ञानपुर। जिले के ऐतिहासिक व पौराणिक महत्व वाले स्थलों को संरक्षित किया जाएगा। उनका सुंदरीकरण करके पर्यटकों को आकर्षित करने वाला बनाया जाएगा। ज्ञानपुर, औराई और भदोही विधानसभा के चार स्थलों को विंध्याचल मंडल नवीन कार्ययोजना के तहत चुना गया है। शनिवार को लखनऊ की टीम उन स्थलों का मृदा परीक्षण किया। जल्द ही डीपीआर तैयार कर ली जाएगी।
शासन ऐतिहासिक व पौराणिक महत्व वाले स्थानों को संरक्षित करने को लेकर गंभीर है। ज्ञानपुर विधानसभा की धार्मिक पर्यटन स्थल सीतामढ़ी, लवकुश-वाल्मिकी आश्रम, भदोही विधानसभा में श्रीराम जानकी मंदिर और औराई विधानसभा में संत शिरोमणि रविदास मंदिर, त्रिलोकपुर और चकवा महावीर मंदिर का चयन इस कार्ययोजना के तहत किया गया है। इन मंदिरों पर भव्य गेट, बैठने के बेंच और प्रकाश आदि की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
शनिवार को लखनऊ से पहुंची पर्यटन विभाग की टीम ने सभी स्थानों का निरीक्षण किया। मृदा परीक्षण के लिए नमूने संग्रह किए। पर्यटन अधिकारी डॉ. राजेश भारती ने बताया कि ज्ञानपुर व औराई में विधायक और भदोही एमएलसी के प्रस्ताव में इन मंदिरों का चयन नवीन कार्ययोजना में किया गया है। जल्द ही इसका डीपीआर तैयार कर शासन को धनराशि की स्वीकृति के लिए भेजा गया है। बताया कि लखनऊ की टीम के साथ हरिशंकर गुप्त व अवधेश मौर्य मौजूद रहे।