ज्ञानपुर। जनपद को शनिवार को नौ एंबुलेंस की सौगात मिली। सरपतहां स्थित सौ शैय्या अस्पताल में सांसद रमेश चंद्र बिंद, जिलाधिकारी गौरांग राठी ने एंबुलेंस को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। जिले में 41 एंबुलेंस है। इसमें 102 नंबर की 20 और 108 की 18 और तीन एएलएस (एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट) एंबुलेंस है।
जिले में पुरानी हो चुकी नौ एबुलेंस को हटाकर नए एबुलेंसों को स्वास्थ्य विभाग के बेड़े शामिल किया गया है। हालांकि पुरानी एबुलेंस को अभी उपयोग में लिया जाएगा, लेकिन सप्ताह या फिर महीने के अंदर उसे रिप्लेस कर दिया जाएगा। पुरानी एबुलेंसो को लेकर अक्सर शिकायतें मिलती रहती हैं। बीते 17 अक्तूबर के अंक में अमर उजाला में भी पुरानी एबुलेंसों को लेकर खबर की गई थी। शनिवार को सौ शैय्या में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सांसद रमेश चंद्र बिंद ने कहा कि एंबुलेंसों से जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था सुदृढ़ होगी। वहीं मरीजों को समय से उपचार मिल सकेगा।
जिलाधिकारी गौरांग राठी ने एबुलेंस कर्मियों को समय से लोगों तक पहुंचने और उनका उपचार कराने का निर्देश दिया। विधायक विपुल दूबे, दीनानाथ भाष्कर, बीजेपी जिलाध्यक्ष दीपक मिश्र, मनोज मिश्र, सीएमओ सीएमओ डॉ. एसके चक, सीएमएस डॉ. सुनील कुमार पासवान, डॉ. राजेंद्र कुमार, डॉ. सुशील शुक्ला, फिजियोथेरेपिस्ट जावेद अंसारी, प्रदीप सिंह, गोरेलाल पांडेय, नागेंद्र सिंह, सुरेंद्र दूबे आदि मौजूद रहे।
-
इस स्वास्थ्य केन्द्रों पर तैनात होगी एबुलेंस
एंबुलेंस जिला मैनेजर अभिजित सिंह ने बताया कि महाराजा चेतसिंह जिला चिकित्सालय पर दो और महाराजा बलवंत सिंह राजकीय चिकित्सालय पर एक एंबुलेंस तैनात की जाएगी। इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डीघ पर दो, औराई सीएचसी पर दो, भदोही एक, गोपीगंज पर एक एंबुलेंस सेवा देगी।