दुर्गागंज। स्थानीय थाना क्षेत्र के कुढ़वा गांव से मंगलवार की देर रात चोरों ने 10 भेंड़ और एक बकरी को उस समय वाहन पर लाद ले गए जब चौराहे पर पुलिस की पिकेट ड्यूटी थी। पीड़ित पालक रविशंकर पाल ने तहरीर थाने में देकर आरोप लगाया है कि रात लगभग एक बजे दो-चार लोग चार पहिया वाहन पर भेंड़ और बकरी को लादकर जा रहे थे उसी समय उसकी नींद खुल गई। पीछा करते समय जब वह चौराहे पर पहुंचा तो दो पुलिस कर्मियों ने उसे यह कहते रोक लिया कि तुम घर जाओ मैं देख लूंगा। तब तक चोर वाहन समेत भागने में सफल हो गए। शोर मचाने पर जुटी भीड़ पिकेट ड्यूटी पर तैनात पुलिस को कोसती नजर आई। चोरी हुई भेंड, बकरी की कीमत 50 से 60 हजार आंकी गई है। रविशंकर ने कहा कि आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण कर्ज लेकर भेंड़ और बकरियां पाल कर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था वह भी उम्मीद चोरों ने तोड़ दी। प्रभारी निरीक्षक रामदरश ने कहा कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।