ज्ञानपुर। जिले के सरकारी अस्पतालों में बिचौलियों पर नकेल कसने में स्वास्थ्य विभाग अब फार्मासिस्ट व पैरामेडिकल स्टॉफ का सहयोग लेगा। दो सदस्यीय यह टीम अस्पतालों में आने वाले बिचौलियों पर नजर रखेगी। यहीं नहीं, उन्हें पकड़ने के बाद सीधे पुलिस के हवाले करेगी।
जिले में तीन बड़े अस्पताल हैं। इसमें महाराजा चेतसिंह जिला चिकित्सालय ज्ञानपुर, महाराजा बलवंत सिंह राजकीय चिकित्सालय भदोही और सरपतहां स्थित सौ शय्या अस्पताल में बिचौलिएं सक्रिय हैं। एमबीएस, 100 बेड को छोड़कर एमसीएच में इनका बोलबाला है। छह महीने पहले अस्पताल में बिचौलियों से सावधान रहने के लिए नोटिस चस्पा किया गया था, लेकिन अब तक किसी बिचौलिये को पकड़ा नहीं जा सका। उधर, दो सदस्यीय टीम में फार्मासिस्ट और पैरामेडिकल स्टाॅफ होगा। गत दिनों स्वास्थ्य समिति की बैठक में जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने बिचौलियों पर लगाम लगाने के लिए सीएमएस डॉ. धीरज प्रकाश को निर्देशित किया था। इन तीनों अस्पतालों में प्रतिदिन 2000 से 2500 की ओपीडी है। पर्ची काउंटर से लेकर, प्लास्टर कक्ष, एक्सरे कक्ष, इमरजेंसी, ओपीडी भवन तक बिचौलियों का जाल फैला है।
उधर, जिला अस्पताल में बिचौलियों पर नकेल कसने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने बीते दिनों से बिचौलियों से सावधान रहने के लिए नोटिस चस्पा कराया था। अस्पताल में कई जगहों पर बड़े-बड़े अक्षरों में चस्पा नोटिसों के अलावा चिकित्सकों को भी इन पर निगरानी रखने का निर्देश दिया गया था, लेकिन अब तक कोई पहल काम नहीं आ सकी है। आज तक एक भी बिचौलिये पर कार्रवाई नहीं हो सकी। उधर, अस्पताल में बिचौलिये जिम्मेदार अफसरों के रहमोकरम पर फल-फूल रहे हैं। बिचौलिए साहब, चिकित्सकों के ईद-गिर्द घूमते हैं। जिन कर्मचारियों को अस्पताल से छह महीने पहले हटाया जा चुका है। वह अब फिर से अस्पतालों में घूमने लगे हैं। अब नई पहल से कितना लाभ मिलता है। यह आने वाले समय में ही पता चल सकेगा। एमसीएच के प्रभारी सीएमएस डॉ. धीरज प्रकाश का कहना है कि बिचौलियों पर निगरानी के लिए फार्मासिस्ट व पैरामेडिकल स्टॉफ की ड्यूटी लगाई गई है। यह टीम बिचौलियों को पकड़ कर सीधे पुलिस के हवाले करेगी। मरीजों व चिकित्सकों के बीच बिचौलियों के लिए जगह नहीं होनी चाहिए।